US-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत का आया पहला रिएक्शन

US Iran War: भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत सभी पक्षों से अपील करता है कि वे संयम बरतें, तनाव को कम करें और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. साथ ही, तेल-ऊर्जा की सप्लाई में कोई रुकावट न आने दें.

पश्चिमी एशिया में बिगड़ते हालात पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है. साथ ही कहा कि विवाद का स्थायी और शांति से समाधान निकालने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी का रुख किया जाए. MEA का यह बयान तब आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है.

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए हमलों और तनाव को लेकर भारत चिंतित है. समुद्री रास्तों से गुजरने वाले कॉमर्शियल जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया है. इन घटनाओं से पूरे इलाके की शांति, सुरक्षा और स्थिरता को खतरा पैदा हो सकता है. भारत सभी पक्षों से अपील करता है कि वे संयम बरतें, तनाव को कम करें और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. साथ ही, तेल-ऊर्जा की सप्लाई और व्यापार में कोई रुकावट न आने दें. इस विवाद का शांतिपूर्ण और स्थायी हल निकालने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी का रुख करें.’

US-ईरान के बीच बढ़ा तनाव
होर्मुज में ईरान की ओर से कॉमर्शियल जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद बुधवार (8 जुलाई) को यूएस ने ईरान के 80 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था. उधर, आईआरजीसी ने भी अमेरिका के 85 बेस पर जवाबी कार्रवाई की बात कही. ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने दक्षिणी ईरान पर अमेरिका के हमलों के जवाब में बहरीन स्थित शेख ईसा एयर बेस पर तैनात अमेरिकी बलों को निशाने पर लेते हुए ड्रोन हमला किया.

यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने अंकारा में नाटो समिट के दौरान ईरान के साथ एमओयू के खत्म होने की बात कही. ट्रंप ने कहा, ‘उनमें कुछ गड़बड़ है. वे बीमार हैं और गंदा खेल खेलते हैं. हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि वह अपने वार्ताकारों को बातचीत जारी रखने की अनुमति दे सकते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि वो लोग (ईरान) केवल समय बर्बाद कर रहे हैं.’

ट्रंप की ईरान को धमकी
उन्होंने एक और बयान में यह भी कहा कि बुधवार (8 जुलाई) रात को यूएस ईरान के ऊपर ‘शायद’ फिर से हमला करेगा. ट्रंप ने धमकी दी कि अमेरिका ईरान के आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमला कर सकता है और खार्ग द्वीप पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है. उन्होंने कहा, ‘हमने कल रात उन पर बहुत जोरदार हमला किया और मुमकिन है कि आज रात भी उन जोरदार हमला करेंगे.’

ट्रंप ने ईरानी नेताओं पर बातचीत के दौरान बार-बार अपना रुख बदलने का आरोप लगाया और उन्हें ‘पागल’ करार दिया. साथ ही दावा किया कि तेहरान ने सार्वजनिक रूप से अपना रुख बदलने से पहले एक समझौते पर पहुंचने की इच्छा दिखाई थी.

जयशंकर- शेख सबाह अल-खालिद की मुलाकात
पश्चिमी एशिया में बिगड़ते हालात के बीच, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत के युवराज शेख सबाह अल-खालिद अल-सबाह से बुधवार (8 जुलाई) को मुलाकात की. दोनों नेताओं ने विद्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के साथ ही पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रम पर चर्चा की.

Prev Post
Next Post