संवाददाता/आरती राय
मुजफ्फरपुर: मोकामा के राजेंद्र पुल के पास रेलवे का बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर काम अब ट्रेन यात्रियों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। पुराने पुल के समानांतर तैयार किए गए नए डबल रेल पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए रेलवे 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-एनआई और एनआई कार्य करेगा।
इस काम का सीधा असर उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर, पटना और झारखंड की ओर आने-जाने वाली रेल सेवाओं पर पड़ेगा। रेलवे की जारी योजना के मुताबिक इस अवधि में बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जबकि कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।
384 ट्रेनों के रूट में बदलाव
रेलवे के अनुसार, इस मेगा ब्लॉक के दौरान 384 ट्रेनों का परिचालन बदले हुए मार्ग से किया जाएगा। इसके अलावा 56 ट्रेनों का सफर बीच के स्टेशन पर समाप्त किया जाएगा और 67 ट्रेनों को उनके नियमित शुरुआती स्टेशन के बजाय दूसरे स्थान से रवाना किया जाएगा।
किन तारीखों में सबसे ज्यादा असर?
20 सितंबर से ही कुछ ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इसके बाद 21 से 4 अक्टूबर तक अलग-अलग दिनों में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
20 सितंबर को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल स्पेशल, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस, कोलकाता-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस, मालदा टाउन-पटना एक्सप्रेस और नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस समेत कई सेवाएं रद्द रहेंगी।
21 सितंबर को आसनसोल-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल, हावड़ा-मोकामा, मोकामा-हावड़ा, हावड़ा-जयनगर, जयनगर-हावड़ा, गाजीपुर सिटी-कोलकाता, पटना-मालदा टाउन, जयनगर-पटना और पटना-जयनगर एक्सप्रेस प्रभावित रहेंगी। मोकामा-किऊल और पटना-किऊल समेत कुछ पैसेंजर ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।
22 सितंबर को भी कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और पैसेंजर सेवाएं प्रभावित होंगी। इनमें हावड़ा-मोकामा, मोकामा-हावड़ा, हावड़ा-जयनगर, जयनगर-हावड़ा, कोलकाता-आरा, सहरसा-राजेंद्र नगर और राजेंद्र नगर-सहरसा जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
23 सितंबर को भी कई ट्रेनों के परिचालन पर असर रहेगा, जिनमें मऊ-कोलकाता, हावड़ा-मोकामा, हावड़ा-जयनगर और आरा-कोलकाता जैसी सेवाएं शामिल हैं।
3 अक्टूबर को सबसे ज्यादा ट्रेनें रद्द
रेलवे की योजना के अनुसार 24 सितंबर को 21, 25 सितंबर को 24, 26 सितंबर को 29, 27 सितंबर को 31, 28 सितंबर को 21, 29 सितंबर को 20 और 30 सितंबर को 25 ट्रेनें रद्द रहेंगी।
1 और 2 अक्टूबर को 32-32 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 3 अक्टूबर को सबसे बड़ा असर दिखेगा, जब 36 ट्रेनें रद्द की जाएंगी। 4 अक्टूबर को भी 21 ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे के इस मेगा ब्लॉक के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन का स्टेटस, रूट और प्रस्थान समय सफर से पहले जरूर जांच लेना चाहिए। कई ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव होने की वजह से सामान्य यात्रा योजना प्रभावित हो सकती है।
राजेंद्र पुल पर होने वाला यह महत्वपूर्ण रेल कनेक्टिविटी कार्य भविष्य में रेल संचालन को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, लेकिन 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इसका बड़ा असर उत्तर बिहार और
आसपास के रेल यात्रियों पर पड़ेगा।