4 जून को केरल तट से एंट्री लेने के बाद आज 9 जुलाई को मॉनसून ने पूरे देश को कवर कर दिया है. 35 दिन में मॉनसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है. मुंबई, पुणे सहित आस-पास के जिलों में कई दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद अब दिल्ली-एनसीआर में भी जमकर बारिश हो रही है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद सहित आस-पास के जिलों में हो रही झमाझम बारिश से कई जगहों पर भारी जलजमाव हो गया है. इससे पूरे दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक की व्यवस्था चरमरा गई है. कई जगहों पर सड़कों पर घुटने तक पानी जमा है. जलजमाव के कारण ऑफिस आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोग भींगते हुए ऑफिस पहुंचे. सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल पहुंचाने में भी काफी मशक्कत हुई.
इधर मौसम विभाग के ताजा अपडेट में बताया गया है कि दिल्ली-एनसीआर में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा. इससे आज लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है.
पिछले कुछ दिनों के दौरान देश के कई राज्यों में मॉनसून की रिकॉर्ड बारिश रिकॉर्ड की गयी है. भारत मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के टीकमपुरी, खजूरी में 160 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है. दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज़्यादा बारिश गाज़ियाबाद के कमला नेहरू इलाके में हुई है, जहां पिछले 24 घंटे के दौरान 164 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.
तुकमीरपुर, खजूरी 160 मिमी
सफदरजंग- 73 मिमी
पालम- 63 मिमी
लोदी रोड- 80 मिमी
रिज- 78 मिमी
दिल्ली विश्वविद्यालय- 90 मिमी
आयानगर- 57 मिमी
महरौली- 86 मिमी
छतरपुर- 72 मिमी
मयूर विहार- 103 मिमी
पूसा- 83 मिमी
लोदी रोड AWS- 83 मिमी
प्रगति मैदान- 50 मिमी
नारायण- 63 मिमी
जनकपुरी- 62 मिमी
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की काफी संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
बारिश के कारण सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया. कुछ स्थानों पर पैदल चलने वालों को घुटने तक भरे पानी से होकर गुजरते देखा गया.
