रांची में बचपन की दोस्ती का खौफनाक अंत, साथ निकले दोस्त ने चाकू मारकर ले ली जान

रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में बचपन के दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब पीने के दौरान हुए झगड़े के बाद विकास मुंडा ने कथित तौर पर अपने दोस्त रविंद्र मुंडा की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

बेड़ो थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत के मधुपुर गांव के अखड़ा के समीप एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान घाघरा पंचायत के ही बरटोली गांव निवासी 25 वर्षीय रविंद्र मुंडा पिता सुरेंद्र मुंडा के रूप में हुई है।

हत्या का आरोप उसके ही बचपन के दोस्त विकास मुंडा पिता स्व लेटे मुंडा पर लगा है। बुधवार की रात जिस दोस्त के साथ रविंद्र हंसते-खेलते घर से निकला था, गुरुवार की सुबह उसी का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से गांव में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है।
मृतक की मां पार्वती मुंडाइन ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 7 बजे रविंद्र अपने दोस्त विकास के साथ घर से निकला था। दोनों काफी खुश थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह रविंद्र की जिंदगी की आखिरी रात होगी।
गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण मधुपुर अखड़ा के पास से गुजरे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। जमीन पर रविंद्र का लहूलुहान शव पड़ा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्वजनों और पुलिस को दी।

शराब और बहस के बाद हत्या की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि रात में दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि विकास ने पेट में चाकू मारकर रविंद्र की हत्या कर दी।

घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविंद्र की मौत से स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही डीएसपी दीपक कुमार और बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

जागरण संवाददाता, बेड़ो (रांची)।

Prev Post
Next Post