नई दिल्ली में सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 45 हजार श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक

45 हजार श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक, झंडेवाला देवी मंदिर में दिनभर भक्तों की रही भारी भीड़

ब्यूरो चीफ / आरती राय

नई दिल्ली:सावन मास के दूसरे सोमवार को राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवाला देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दिनभर भक्तों की आवाजाही जारी रही और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर करीब 45 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। विशेष रूप से मंदिर के ऊपरी शिवालय में भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान शंकर को जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सावन के प्रथम दिन से ही झंडेवाला देवी मंदिर स्थित गुफा वाले शिवालय में प्रतिदिन पांच परिवारों द्वारा रुद्राभिषेक किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक रुद्राभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कई महीने पहले से ही बुकिंग हो जाती है। सावन के सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है, जिसके चलते इस दिन मंदिर में भक्तों की संख्या और भी बढ़ जाती है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में सेवादारों की तैनाती की गई। सेवादारों ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता भी उपलब्ध कराई।

मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों के लिए खीर के प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

सावन के दूसरे सोमवार को झंडेवाला देवी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ ने भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था और भक्ति को एक बार फिर प्रदर्शित किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आए।

Prev Post
Next Post