आजादी दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा सुरक्षा अभियान, 15 जिलों में रातभर चला ‘जनरल गश्त’

दिल्ली में आधी रात पुलिस का मेगा ऑपरेशन! 22,774 वाहनों की चेकिंग, 55 बदमाश गिरफ्तार

Written by: आरती राय

नई दिल्ली :स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 11-12 अगस्त की रात 11 बजे से 2 बजे तक ‘जनरल गश्त’ अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में राजधानी के सभी 15 पुलिस जिलों में एक साथ व्यापक रात्रि गश्त और चेकिंग की गई।

अभियान का मकसद आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाना, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

22,774 वाहनों की जांच

‘जनरल गश्त’ के दौरान दिल्लीभर में रणनीतिक स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेकिंग पॉइंट लगाए गए। पुलिस ने 22,774 वाहनों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

55 बैड कैरेक्टर गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने 2,780 घोषित/बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्तियों (Bad Characters) की जांच की, जिनमें से 55 को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 917 मामले दर्ज किए गए, जबकि आर्म्स एक्ट के तहत 21 मामले दर्ज हुए।

पुलिस ने दिल्ली पुलिस अधिनियम और BNSS की विभिन्न धाराओं के तहत भी बड़ी संख्या में निवारक कार्रवाई की। धारा 65 DP Act के तहत 18,537, धारा 66 के तहत 2,409, BNSS की धारा 126/170 के तहत 446 और धारा 126/169 के तहत 44 मामलों में कार्रवाई की गई।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यह अभियान राजधानी में सुरक्षा, निगरानी और पुलिस की मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में

महत्वपूर्ण कदम है।

Prev Post
Next Post