सांसदों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने दिखाई हरी झंडी|
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर भारत मंडपम से निकली तिरंगा रैली'
The Bharat Live- अगस्त 12, 2026 02:39 PM IST
संवाददाता/ आरती राय
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से सांसदों और जनप्रतिनिधियों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। यह रैली राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई।
रैली भारत मंडपम से शुरू होकर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम तक पहुंची। इसमें सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय गौरव, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ ने मातृभूमि के प्रति प्रेम को राष्ट्रीय कर्तव्य में बदल दिया और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों को साहस, त्याग और संघर्ष की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब एक जन आंदोलन बन चुका है। देशभर में नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक व साइकिल रैलियों तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान से जुड़ रहे हैं।
उपराष्ट्रपति ने सांसदों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को आगे बढ़ाने और लोगों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रैली में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजीव रंजन सिंह, वीरेंद्र कुमार, जी. किशन रेड्डी, किरेन रिजिजू और जितेंद्र सिंह सहित कई सांसद एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।